शहडोल: विगत रात्रि से जिले में हो रही भारी बारिश के कारण नदी-नाले एवं पुल उफान पर हैं, जिससे जिले के कई क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है। इस स्थिति में कलेक्टर डॉ. केदार सिंह और पुलिस अधीक्षक कुमार प्रतीक द्वारा सुबह से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों एवं निचले भराव वाले स्थानों का संयुक्त रूप से भ्रमण किया गया। दोनों अधिकारियों ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं कार्यों का निरीक्षण किया और ज़रूरतमंदों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं।

बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन आम जनता से अपील करता है कि वह किसी भी परिस्थिति में पुल-पुलिया, जो कि भारी वर्षा के कारण ओवरफ्लो हो रहे हैं, को जान जोखिम में डालकर पार करने का प्रयास न करें। नदी नालों के किनारे जाने से बचें। किसी भी प्रकार की आपातकालीन स्थिति में तुरंत पुलिस या प्रशासन को सूचित करें।जिले के सभी नागरिकों से अनुरोध है कि वे प्रशासन एवं पुलिस का सहयोग करें और सुरक्षित स्थानों पर रहें। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए सतर्कता और सावधानी बरतें। शहडोल पुलिस और प्रशासन आपकी सुरक्षा और सहायता के लिए तत्पर है।

साथ ही कलेक्टर ने विद्यालयों में किया अवकाश घोषित अति वर्षा को दृष्टिगत रखते हुए आज (24 अगस्त 2024)शहडोल जिले के पहली से आठवी कक्षा तक के सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में अवकाश घोषित किया है। और सभी शिक्षक विद्यालय पहुंचकर शासकीय कार्य संपादित करेंगे।
“राज्यपाल का कार्यक्रम हुआ रद्द”
कलेक्टर डॉ. केदार सिंह ने जानकारी दी है कि शहडोल में अतिवर्षा होने के कारण माननीय राज्यपाल महोदय मंगु भाई पटेल शहडोल प्रवास पर नहीं आ पाए है। कलेक्टर ने बताया कि माननीय राज्यपाल महोदय ने कहा है कि शहडोल में अति वर्षा होने के कारण मै नही आ पाया इसके लिए मैं शहडोल वासियों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। मैं आगामी तिथि जल्द से जल्द निर्धारित कर शहडोल जरूर आऊंगा यह मेरी इच्छा है।



