पुलिस ग्राउंड में आयोजित होगा गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह
कलेक्टर श्री नारायन ने अधिकारियों को सौंपे दायित्व
रिपोर्ट :- EDITOR KARISHMA SINGH CHHINDWARA (M.P)
9479792991
छिन्दवाड़ा: /06 जनवरी 2026/ जिले में गणतंत्र दिवस समारोह पूरी गरिमा और हर्षोल्लास के साथ मनाये जाने के संबंध में कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन की अध्यक्षता और पुलिस अधीक्षक श्री अजय पाण्डेय की उपस्थिति में कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में बैठक संपन्न हुई। बैठक में पूर्व वर्ष की भांति इस वर्ष भी जिला मुख्यालय पर गणतंत्र दिवस मनाये जाने के संबंध में आयोजित किए जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों के संबंध में चर्चा कर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए और तदनुरूप अधिकारियों को विभिन्न दायित्व सौंपे गए। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अग्रिम कुमार, अपर कलेक्टर श्री धीरेंद्र सिंह, एएसपी श्री आशीष खरे, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती ज्योति ठाकुर व श्रीमती अंकिता त्रिपाठी, डिप्टी कलेक्टर श्री राहुल कुमार पटेल व श्री रमेश कुमार मेहरा, उपायुक्त नगर निगम श्री रोशन सिंह बाथम सहित सभी विभागों के प्रमुख एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

कलेक्टर श्री नारायन ने कहा कि इस वर्ष भी 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस समारोह पूरे जिले में हर्षोल्लास एवं गरिमापूर्ण ढंग से मनाया जायेगा। सभी अधिकारियों को दायित्व सौंपते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि सौंपे गए दायित्व के अनुसार सभी आवश्यक तैयारियां पूर्व से ही कर ली जाएं। शासन द्वारा जारी गाइड लाइन के अनुसार ही जिले में गणतंत्र दिवस मनाया जाएगा। सभी शासकीय कार्यालयों में प्रात: 7:30 बजे और कलेक्टर कार्यालय में प्रात: 8 बजे ध्वजारोहण किया जायेगा। इसके बाद प्रातः 8:45 बजे मुख्यालय के सभी शासकीय अधिकारी, कर्मचारी मुख्य कार्यक्रम स्थल पुलिस परेड ग्राउंड पर अनिवार्यतः उपस्थित रहें।
जिला मुख्यालय पर गणतंत्र दिवस समारोह का मुख्य कार्यक्रम स्थानीय पुलिस परेड ग्राउंड पर प्रातः 9 बजे से आयोजित किया जाएगा। मुख्य कार्यक्रम के लिए मंच, पंडाल व्यवस्था, परेड, बैंड व्यवस्था, बैठक व्यवस्था, मैदान की साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, ग्राउंड सुधार, शामियाना, बैनर, होर्डिंग आदि की व्यवस्था, पुरस्कार, सांस्कृतिक कार्यक्रम, परेड, व्यायाम प्रदर्शन, झांकियों का प्रदर्शन, उद्घोषणा, माईक, ध्वनि विस्तारक यंत्र व जनरेटर की व्यवस्था, गमले, पेयजल, मिष्ठान्न वितरण, रंगोली, आमंत्रण पत्र मुद्रण व वितरण, गुब्बारे, यातायात व्यवस्था, ध्वज व पुष्पों की व्यवस्था, जिप्सी, वीआईपी वाहन व्यवस्था, एम्बुलेंस एवं अन्य कार्यों के लिये संबंधित विभाग आवश्यक तैयारियां प्रारंभ कर दें। संपूर्ण व्यवस्था के प्रभारी जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, अतिरिक्त कलेक्टर एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक होंगे।
मुख्य कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा विभागीय विकास गतिविधियों को दर्शाते हुए झांकियां लगाई जाएंगी। कलेक्टर श्री नारायन ने निर्देश दिए कि सभी झाकियों की थीम अभी से निर्धारित कर लें और अच्छी गुणवत्ता व अच्छे कॉन्सेप्ट के साथ झांकियां तैयार कराएं। इनमें शासन की बड़ी योजनाओं, स्टेट अथवा नेशनल लेवल पर विभाग के अचीवमेंट का प्रदर्शन भी शामिल करें। विभाग प्रमुख अच्छा कार्य करने वाले अधिकारी, कर्मचारियों के नाम 20 जनवरी तक उपलब्ध करायें। इनमें राज्य अथवा राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धि हासिल करने वाले शासकीय सेवकों को अनिवार्य रूप से शामिल करें। फील्ड में और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में कार्य करने वाले अमले का नाम भी दें। पुरुस्कार के लिए सभी को मौका दें, जिससे पुरुस्कार की गरिमा व महत्ता बनी रहे, साथ ही दूसरे शासकीय सेवक भी प्रेरित हों। उन्होंने मुख्य कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को सम्मानित करने के निर्देश भी दिये। साथ ही जिले भर में ध्वज संहिता का पूरी तरह पालन करते हुए ध्वजारोहण सुनिश्चित कराने और गणतंत्र दिवस के अवसर पर रात्रि में शासकीय भवनों एवं ऐतिहासिक इमारतों में रोशनी करने के निर्देश भी दिये ।
बैठक में बताया कि परेड का पूर्वाभ्यास 13 जनवरी से प्रारंभ हो जायेगा। इसमें सम्मिलित होने वाले सभी दल 13 जनवरी से ही फुल स्ट्रेंथ और फुल ड्रेस अप के साथ रिहर्सल के लिए उपस्थित रहें। अंतिम पूर्वाभ्यास 24 जनवरी को प्रातः 9 बजे से आयोजित किया जाएगा। कलेक्टर श्री नारायन ने निर्देश दिये हैं कि इस कार्यक्रम में गणमान्य नागरिकों को भी आमंत्रित करें और अधिकारी, कर्मचारी भी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। उन्होंने कार्यक्रम की सभी समुचित व्यवस्थायें समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं।
खबरों एवं विज्ञापन के लिए संपर्क करें: 9399292638



