Home CITY NEWS जनसुनवाई : कलेक्टर श्री नारायन ने सुनी 128 आवेदकों की समस्यायें

जनसुनवाई : कलेक्टर श्री नारायन ने सुनी 128 आवेदकों की समस्यायें

रिपोर्ट :- EDITOR KARISHMA SINGH CHHINDWARA (M.P)
9479792991

छिन्‍दवाड़ा: /06 जनवरी 2026/ राज्य शासन के जनसुनवाई कार्यक्रम के अंतर्गत प्रति सप्ताह मंगलवार को आम नागरिकों की समस्याओं की सुनवाई की जाती है और संबंधित विभाग के अधिकारियों से इन समस्याओं का त्वरित निराकरण कराया जाता है । कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन ने आज कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में 128 आवेदकों की समस्यायें सुनी । इस दौरान जिले के शहरी और ग्रामीण, दूरस्थ अंचलों से आये आवेदकों ने उपस्थित होकर अपनी समस्याओं के निराकरण के लिये आवेदन प्रस्तुत किये । जनसुनवाई में मुख्य रूप से ज़मीन का सीमांकन करने, संबल योजना का लाभ दिलाने, सड़क बनाने, अनुकम्पा नियुक्ति दिलाने, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने आदि से संबंधित आवेदन प्राप्त हुये। जनसुनवाई के दौरान आवेदकों के बैठने की व्यवस्था भी की गई थी।

    कलेक्टर श्री नारायन ने विभिन्न आवेदनों में तत्काल प्रकरण नोट कराते हुए तत्परता के साथ निराकरण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कई प्रकरणों को समय सीमा की बैठक में समीक्षा के लिए भी चिन्हांकित किया। जनसुनवाई कार्यक्रम में आज ग्राम  हिरनाखेड़ के श्री जेठू किरार ने खेत पर अनावेदक द्वारा किये गये कब्जे को हटवाने, ग्राम पंचायत कांगरा के सरपंच ने ग्राम पंचायत कांगरा अंतर्गत ग्राम चंदनिया कोयलवाड़ीढाना में बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने, ग्राम पंचायत पालाचौरई की श्रीमती पुष्पलता खड़से ने उप स्वास्थ्य केन्द्र में सफाई कर्मचारी के रूप में कार्यरत पुत्र को अचानक काम से निकाले जाने की उचित कार्यवाही कर न्याय दिलाने, नगरपालिका परिषद दमुआ की श्रीमती सीता ककोड़िया, श्रीमती ताराबाई रावतेल एवं श्रीमती राधा नागले ने आवास के लिये शासकीय भूमि का पट्टा प्रदाय करने, ग्राम पंचायत ईकलबिहरी के नूरानी मस्जिद कमेटी ने ग्राम में कब्रिस्तान के लिये जमीन आवंटन करने, जुन्नारदेव के श्री खेमचन्द्र पाल ने सेवानिवृत्ति पर पात्रता अनुसार मिलने वाले उपादान की राशि दिलाने, ग्राम मोघर चांद की कु.अभिलाखा ने आर्थिक सहायता दिलाने, ग्राम पालाखेड़ की श्रीमती नूरजहां शाह ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने व ग्राम पंचायत गुर्रेखुर्रेमउ के सरपंच ने गुर्रेखुर्रेमउ के ढाना रायजामुन में बिजली पोल लगवाने आदि के आवेदन प्रस्तुत किये। इस दौरान कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में सीईओ जिला पंचायत श्री अग्रिम कुमार, एडीएम श्री धीरेन्द्र सिंह, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती ज्योति ठाकुर व श्रीमती अंकिता त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय और संबंधित अधिकारियों द्वारा भी आवेदनों पर सुनवाई की गई, जबकि अन्य सभी खंड स्तरीय अधिकारी वीसी के माध्यम से जनसुनवाई में शामिल हुये।

खबरों एवं विज्ञापन के लिए संपर्क करें : 9399292638