Home CITY NEWS कलेक्टर श्री सिंह ने ली स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग की...

कलेक्टर श्री सिंह ने ली स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग की समीक्षा बैठक

आयुष्मान कार्ड और टीबी उन्मूलन अभियान की भी की समीक्षा

नरेंद्र साहू छिंदवाड़ा

छिन्दवाड़ा/10 जनवरी 2025/ कलेक्टर श्री शीलेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में आज जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित की गई। इस बैठक में स्वास्थ्य विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग के राष्ट्रीय कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.एन.के.शास्त्री, महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ.मोनिका बिसेन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

आयुष्मान कार्ड की समीक्षा- कलेक्टर श्री सिंह ने 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के नागरिकों के लिए बनाये जा रहे आयुष्मान कार्ड की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने 100 प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए। श्री सिंह ने निर्देश देते हुए कहा जिनकी मृत्यु हो गई है या जिन्होंने पलायन कर लिया है उनके घर जाकर जाँच की जाए। उन्होंने कहा कि सही तरीके और उचित योजना के साथ लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

एएनसी रजिस्ट्रेशन और एनीमिया पर विशेष जोर- बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने गर्भवती महिलाओं के एएनसी रजिस्ट्रेशन और एनीमिया की पहचान पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं में एनीमिया के मामलों की प्राथमिकता से पहचान की जाए और उनके इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो। उन्होंने इसके लिए निर्देश देते हुए कहा कि ब्लड डोनेशन शिविरों का आयोजन किया जाए। उनके द्वारा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में सुधार के लिए प्रभावी प्रबंधन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। उन्होंने निर्देश दिए कि जहाँ भी एएनसी चेक-अप सही से नहीं हो रहे वहाँ के एएनएम एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता पर कार्यवाही की जाये । जहाँ दूसरा, तीसरा व चौथा एएनसी रिपोर्ट लंबित है वहाँ का उचित डाटा प्रस्तुत करें। चौथे एएनसी चैकअप में अल्प प्रगति पर अमरवाड़ा बीएमओ और अमरवाड़ा सीडीपीओ के एक-एक वेतनवृध्दि रोकने के निर्देश दिये।

मुख्यालय में निवास न करने वाले अधिकारियों पर कार्यवाही के निर्देश- कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि लगातार निर्देशों के वाबजूद कुछ अधिकारी अभी भी मुख्यालय में निवास नहीं कर रहे हैं, जिससे योजनाओं के क्रियान्वयन में बाधा उत्पन्न हो रही है। ऐसे अधिकारियों पर कार्यवाही करने के निर्देश दिये ।

नेशनल टीबी एलिमिनेशन कार्यक्रम- टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत 100 दिवसीय निक्षय शिविर चल रहा है। कलेक्टर श्री सिंह ने जिले को 100% टीबी मुक्त बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग और महिला बाल विकास विभाग को समन्वित प्रयास करने के निर्देश दिए । उन्होंने मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान के अंतर्गत आयोजित शिविरों में निक्षय शिविर लगाने के निर्देश दिए ताकि टीबी मरीजों की पहचान की जा सके और उनका उचित इलाज सुनिश्चित किया जा सके।

सुरक्षित मातृत्व अभियान की सराहना- सुरक्षित मातृत्व अभियान की सराहना करते हुए कलेक्टर श्री सिंह ने बैठक में कहा कि इस अभियान के कारण जिले में कम वजन वाले बच्चों के जन्म और मातृ मृत्यु दर में कमी आई है। उन्होंने स्वास्थ्य और महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना की जिन्होंने लगातार मेहनत और निगरानी के माध्यम से इन लक्ष्यों को हासिल करने में योगदान दिया। साथ ही श्री सिंह ने कहा कि गर्भावस्था के दौरान माताओं को अधिक देखभाल और पोषण सम्बन्धी सहायता सुनिश्चित करें।

    बैठक में पोषण ट्रैकर के डेटा को नियमित रूप से अपडेट करने और महिलाओं व बच्चों की पोषण स्थिति पर ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए। लाडली लक्ष्मी योजना और समेकित बाल संरक्षण योजना की भी समीक्षा की गई, ताकि इन योजनाओं के तहत लाभार्थियों को उचित सेवाएं प्रदान की जा सकें।