छिंदवाड़ा से क्राइम रिपोर्टर विवेक राठौर की रिपोर्ट
छिंदवाड़ा: नगर पालिका निगम छिंदवाड़ा के सभा कक्ष में आज “वेस्ट टू आर्ट” विषय पर आधारित एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की थीम “रिड्यूस, रीयूज, रीसाइकिल (RRR)” रही, जिसके अंतर्गत कचरे के न्यूनीकरण, पुनः उपयोग एवं पुनर्चक्रण के विभिन्न तरीकों की विस्तृत जानकारी दी गई।

यह कार्यशाला हिमालयन इंस्टीट्यूट फॉर एनवायरमेंट, इकोलॉजी एंड डेवलपमेंट, भोपाल सेंटर से आए राज्य समन्वयक संदीप सोनी एवं दर्पण चौबे द्वारा संचालित की गई। कार्यक्रम को पूर्णतः जीरो वेस्ट इवेंट के रूप में सफलतापूर्वक संपन्न किया गया।

कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य शहर में अपशिष्ट प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाना एवं कचरे को संसाधन के रूप में उपयोग करने की सोच विकसित करना था। इस अवसर पर शहर में कार्यरत विभिन्न एनजीओ एवं स्वयं सहायता समूहों ने सक्रिय सहभागिता की और बेकार समझी जाने वाली सामग्री से उपयोगी व कलात्मक उत्पाद तैयार करने की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम के माध्यम से प्रतिभागियों को यह संदेश दिया गया कि RRR सिद्धांत को अपनाकर न केवल पर्यावरण संरक्षण संभव है, बल्कि इससे स्वावलंबन एवं आजीविका के नए अवसर भी सृजित किए जा सकते हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ नगर निगम आयुक्त सी. पी. राय की उपस्थिति में हुआ। इस दौरान नगर निगम के शहरी आजीविका मिशन के कर्मचारियों के साथ-साथ स्वच्छ भारत मिशन की टीम भी उपस्थित रही।
ख़बरों एवं विज्ञापन के लिए सम्पर्क करें: 9399292638



