स्कूल की शिक्षिकाओं ने खेल में सहभागिता देकर आनंद उत्सव का गौरव बढ़ाया
नरेंद्र साहू छिंदवाड़ा
छिन्दवाड़ा/ पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा कलेक्टर श्री शीलेन्द्र सिंह के निर्देशन और एडीएम एवं आनंद उत्सव के नोडल अधिकारी श्री के.सी.बोपचे के मार्गदर्शन में छिन्दवाड़ा जिले के विकासखंड मोहखेड़ के अंतर्गत क्लस्टर ग्राम सारंगबिहरी में गत दिवस आनंद उत्सव संपन्न हुआ।

आनंद उत्सव के अंतर्गत कुर्सी दौड़, रस्साकशी, 100 मीटर दौड़ एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कर आनंद उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। 50 वर्ष से अधिक आयुवर्ग के लिए आयोजित कुर्सी दौड़ में 55 वर्षीय श्री राधेश्याम शेरके ने प्रथम स्थान पाकर उत्साह में चार चाँद लगा दिये । महिला वर्ग की कुर्सी दौड़ में शिक्षिका नवनीता चोपड़े ने प्रथम स्थान प्राप्त कर स्कूल शिक्षा विभाग का गौरव बढ़ाया। शिक्षिका सरला पराड़कर एवं गीता डोंगरे ने क्रमशः द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया।

कार्यक्रम में राज्य आनंद संस्थान के मास्टर ट्रेनर श्री कैलाश सोनेवार ने आनंद विभाग की अवधारणा तथा विभिन्न गतिविधियों-आनंद सभा, अल्पविराम परिचय कार्यक्रम, आनंदम केन्द्र आदि के बारे में प्रकाश डालते हुये इनमें सहभागिता बढ़ाने के लिये जनप्रतिनिधियों, शासकीय अधिकारियों/कर्मचारियों एवं ग्रामीण नागरिकों से आग्रह किया। कार्यक्रम में प्रतिभागियों को सरपंच श्री गणेशप्रसाद फरकारे (भूतपूर्व सैनिक), सर्वश्री रूपेन्द्र शेरके, यशवंत फरकारे, मनीराम डोंगरे, पंतजी शेरके, संस्था प्रमुख एचपी उइके, कैलाश पराड़कर, दिनेश खापरे, पीआर खरपुसे, दिनेश खापरे, यूके पशीने, संदेश कोड़ले, रामू पवार, सचिव विपिन रायकवार, जीआरएस ओम पवार एवं स्थानीय नागरिकों का सक्रिय योगदान रहा।



