Home CITY NEWS एनडीआरएफ ने छिंदवाड़ा के छोटा तालाब पर किया मॉक अभ्यास

एनडीआरएफ ने छिंदवाड़ा के छोटा तालाब पर किया मॉक अभ्यास

नरेंद्र साहू छिंदवाड़ा

छिंदवाड़ा: किसी भी संभावित दुर्घटना/आपदा से सुरक्षा, बचाव और रोकथाम सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सहयोग से आज छोटा तालाब के घाट पर मॉक अभ्यास का आयोजन किया गया।

यह मॉक अभ्यास बाढ़ के दौरान पीड़ित व्यक्तियों को सुरक्षित बचाने पर केंद्रित था। एनडीआरएफ को आपातकालीन प्रतिक्रिया के लिए सूचित किया गया। एनडीआरएफ टीम ने दुर्घटना स्थल पर पहुंचकर प्रारंभिक आकलन किया और तुरंत बचाव अभियान शुरू किया।

एनडीआरएफ टीम ने विभिन्न बचाव तकनीकों का उपयोग करते हुए पीड़ितों को सुरक्षित निकाला। मेडिकल एजेंसियों ने प्राथमिक उपचार प्रदान किया, जिसके बाद पीड़ितों को बेहतर चिकित्सा सेवाओं के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। इस मॉक अभ्यास में सीएसपी श्री अजय राणा, डीसी श्री एस.आर.आजमी, तहसीलदार, कोटवार व पटवारी आदि अधिकारियों ने भाग लिया। पूरे अभ्यास के दौरान इंसिडेंट रिस्पॉन्स सिस्टम के दिशा-निर्देशों का पालन किया गया। इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य आपदा के समय सभी हितधारकों, जैसे जल पुलिस, फायर ब्रिगेड, एसडीआरएफ और चिकित्सा विभाग आदि के बीच आपसी तालमेल को मजबूत करना और आपातकालीन स्थिति में त्वरित और समन्वित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना था। उल्लेखनीय है कि उप महानिरीक्षक श्री मनोज कुमार शर्मा के मार्गदर्शन तथा सहायक कमांडेंट श्री एस.ए.सिकन्दर की अगवाई में यह अभ्यास किया गया। एनडीआरएफ की टीम भोपाल में कार्यरत है और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत राहत और बचाव कार्य सुनिश्चित करती है।