Home CITY NEWS कलेक्टर श्री सिंह ने की स्कूल शिक्षा विभाग और जनजातीय कार्य विभाग...

कलेक्टर श्री सिंह ने की स्कूल शिक्षा विभाग और जनजातीय कार्य विभाग की शैक्षणिक गतिविधियों की समीक्षा

मुख्यालय में नहीं रहने वाले प्राचार्यों के वेतन रोकने के निर्देश

5 गतिविधियों में जिले के प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर डीईओ और पूरी टीम को बधाई दी

पीएमश्री सहित जिले के सभी स्कूल बच्चों के व्यक्तित्व के संपूर्ण विकास और विषयों की समझ विकसित करने पर फोकस करें – कलेक्टर श्री सिंह

शिक्षा की गुणवत्ता से समझौता और बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा- कलेक्टर श्री सिंह

नरेंद्र साहू छिंदवाड़ा

छिन्दवाड़ा/ कलेक्टर श्री शीलेन्द्र सिंह ने कहा कि प्राइमरी स्कूल के शिक्षकों का फोकस इस बात पर रहे कि बच्चों को प्रवाहपूर्ण हिन्दी और अंग्रेजी पढ़ना और गणित के बेसिक सवाल हल करना आने लगे। यदि शिक्षक इतना मूलभूत अध्यापन कार्य भी नहीं करा पा रहे हैं, तो कार्यवाही के लिए तैयार रहें। शिक्षा की गुणवत्ता से समझौता और बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कलेक्टर श्री सिंह आज कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में स्कूल शिक्षा विभाग और जनजातीय कार्य विभाग की शैक्षणिक गतिविधियों की समीक्षा कर रहे थे।

बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी श्री जी.एस.बघेल, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्री एस.एस.मरकाम, डीपीसी श्री जगदीश इड़पाचे, सहायक संचालक शिक्षा श्री पी.एल.मेश्राम, सहायक संचालक जनजातीय कार्य विभाग श्री उमेश सातनकर, जिले के तीनों पीएमश्री केंद्रीय विद्यालयों के प्राचार्य, जिले के सभी पीएमश्री स्कूलों के प्राचार्य, सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारी, एपीसी और बीआरसीसी एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।बच्चों के सर्वांगीण विकास और विषयों की समझ पर जोर- कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान नहीं दें, बल्कि विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से प्रत्येक बच्चे के सर्वांगीण विकास पर फोकस करें। बच्चों में विषयों की समझ विकसित करें। जिससे वे जिस भी फील्ड में जाएं, पूरे आत्मविश्वास के साथ कार्य करते हुए सफल हो सकें। सभी पीएम श्री विद्यालयों के प्राचार्यों के साथ ही जिले के सभी स्कूलों में इस बात को केंद्र में रखते हुए अध्यापन कार्य एवं विभिन्न गतिविधियां कराई जाएं। कलेक्टर के निर्देश पर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और परीक्षा परिणाम बेहतरी के लिए जिले के केंद्रीय विद्यालयों द्वारा उनके द्वारा आयोजित की जाने वाली गतिविधियों का पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से प्रस्तुतीकरण किया, जिससे जिले के पीएम श्री स्कूलों के प्राचार्य और सभी बी.ई.ओ, बी.आर.सी. भी अपने स्कूलों में ऐसी गतिविधियां आयोजित करने के लिए प्रेरित हो सकें। उन्होंने केंद्रीय विद्यालय की तरह जिले के कक्षा 8वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए सभी शासकीय स्कूलों में युवा संसद का आयोजन माह अप्रैल से शुरू करने के निर्देश दिए, जिसके नोडल अधिकारी प्राचार्य पीएमश्री केन्द्रीय विद्यालय क्रमांक 1 श्री एच.धारकर रहेंगे। युवा संसद प्रतियोगिता से बच्चों में राजनीति विज्ञान की समझ पैदा होगी।मुख्यालय में न रहने वालों पर कार्यवाही – बैठक में 10वीं – 12वीं के अर्द्ध वार्षिक परीक्षा परिणामों की समीक्षा के दौरान कम परीक्षा परिणाम वाले पीएम श्री स्कूलों के प्राचार्यों के मुख्यालय में न रहने की बात संज्ञान में आने पर कलेक्टर श्री सिंह ने कड़ी नाराजगी जताई। पिछली कई बैठकों से लगातार इस संबंध में निर्देश देने के बावजूद यह स्थिति निर्मित होने पर सख्त रवैया अपनाते हुए मुख्यालय में न रहने वाले सभी प्राचार्यों का आगामी माह का वेतन रोकने के निर्देश दिए। आगामी सात दिन के अंदर मुख्यालय में निवास नहीं बनाने पर निलंबन का प्रस्ताव भेजने के भी निर्देश दिए हैं। साथ ही यदि विकासखंड शिक्षा अधिकारी ऐसे प्राचार्यों का वेतन नहीं रोकेंगे, तो उनका भी वेतन रोका जाएगा।फंड उपलब्ध होने के बावजूद काम नहीं कराने पर नाराजगी – जिले के 19 पीएमश्री स्कूलों को स्कूल के उन्नयन एवं विविध गतिविधियों के लिए केंद्र सरकार द्वारा लाखों रुपए की राशि का बजट उपलब्ध कराया गया है। इसके बावजूद पिछली बैठक में निर्देश देने पर अभी तक किसी भी पीएम श्री स्कूल में शत प्रतिशत फंड का उपयोग नहीं होने पर कलेक्टर श्री सिंह ने नाराजगी जताई। उन्होंने अगली मीटिंग के पहले शत प्रतिशत राशि का उपयोग कर स्कूल में आवश्यक सुविधाएं बनाने के निर्देश दिए हैं, नहीं तो कार्यवाही की जाएगी।प्रदेश में प्रथम आने पर बधाई – सत्र 2024-25 में छिंदवाड़ा जिले ने परीक्षा पे चर्चा, वीरगाथा प्रतियोगिता, स्कूल इनोवेशन मैराथन व एन.एम.एम.एस. में ऑनलाइन पंजीयन और सहभागिता में एवं साईकिल वितरण में प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। जिले की इस उपलब्धि पर कलेक्टर श्री सिंह ने जिला शिक्षा अधिकारी श्री बघेल और शिक्षा विभाग की पूरी टीम को बधाई दी। अपार आईडी में भी छिंदवाड़ा जिला प्रदेश में द्वितीय स्थान पर और इंस्पायर अवार्ड में ऑनलाइन पंजीयन एवं सहभागिता में प्रदेश में तृतीय स्थान पर है।राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचे 15 खिलाड़ी – सत्र 2024-25 में छिंदवाड़ा/पांढुर्णा जिले के स्कूलों के 15 खिलाड़ी विद्यार्थी बैडमिंटन, मार्शल आर्ट, कराते, वॉलीबॉल, योगासन, शूटिंग, लंबी कूद, वेट लिफ्टिंग, फुटबॉल आदि खेलों में राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित हुए हैं। इसके लिए भी कलेक्टर श्री सिंह ने सभी को बधाई दी तथा और विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए।पेंशन प्रकरणों में निराकरण पर विशेष फोकस – कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि शिक्षा विभाग के सेवानिवृत्त शासकीय सेवक जनसुनवाई में अपने स्वत्वों के भुगतान के लिए आते हैं। भविष्य में ऐसी स्थिति निर्मित नहीं होना चाहिए। सभी शासकीय सेवकों को समय पर उनके स्वत्वों का भुगतान सुनिश्चित हो। उन्होंने सभी बी.ई.ओ. को आगामी 6 माहों में सेवानिवृत्त होने वाले शासकीय सेवकों के पूर्ण प्रकरण तैयार करवाकर एक सप्ताह के अंदर जिला पेंशन कार्यालय में भेजने के निर्देश दिए। साथ ही पेंशन प्रकरणों का तत्परता से निराकरण करने और सभी प्रकरणों के संबंध में पूरी जानकारी रखने पर जिला पेंशन कार्यालय के अधिकारियों और स्टाफ की सराहना की।बेहतर परीक्षा परिणाम के लिए रेमेडियल कक्षाओं पर जोर – कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि सभी प्राचार्यों और शिक्षकों की जिम्मेदारी है कि जिले का परीक्षा परिणाम बेहतर रहे। इसीलिए त्रैमासिक और अर्द्ध वार्षिक परीक्षा परिणाम के अनुसार आंकलन कर बोर्ड परीक्षाओं के बेहतर परीक्षा परिणाम के लिए गंभीरता के साथ रेमेडियल कक्षाओं के संचालन सुनिश्चित कराएं। इनका आकस्मिक निरीक्षण भी किया जाएगा। उन्होंने कम परीक्षा परिणाम पर विशेषकर विकासखंड परासिया, छिंदवाड़ा, चौरई व मोहखेड़ के पीएम श्री स्कूलों के प्राचार्यों को ठीक ढंग से रेमेडियल कक्षाएं संचालित करने के सख्त निर्देश दिए।

बैठक में वार्षिक परीक्षा 2025 की तैयारी, एमपी टास प्रोफाइल सैंक्शन, पोस्ट मेट्रिक छात्रवृत्ति एवं आवास भत्ता, अपार आईडी, विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति वितरण, विज्ञान प्रदर्शनी, एफ.एल.एन. मेला एवं मासिक गतिविधियों आदि की भी विस्तार से समीक्षा की गई और आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने सत्र 2022-23 एवं 2023-24 में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के छात्रों की पोस्ट मेट्रिक छात्रवृत्ति जितनी अप्रूव की जा चुकी है, उतने की स्वीकृति एवं वितरण महाविद्यालयों के प्राचार्यों के माध्यम से सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए, अन्यथा कार्यवाही की जाएगी। डाइट प्राचार्य द्वारा एक भी मासिक विजिट नहीं करने पर उन्हें भी कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। प्राचार्य पीएम श्री स्कूल कैलाशनगर को कर्मचारियों के अवकाश नियमों की जानकारी नहीं होने के कारण, कारण बताओ नोटिस जारी करने और आज की बैठक में बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर पीएम श्री स्कूल चांद, बिसापुरकला व लावाघोघरी के प्राचार्यों का आज का वेतन काटने के निर्देश दिए।