नरेंद्र साहू छिंदवाड़ा
छिन्दवाडा/ राज्य शासन के जनसुनवाई कार्यक्रम के अंतर्गत प्रति सप्ताह मंगलवार को आम नागरिकों की समस्याओं की सुनवाई की जाती है और संबंधित विभाग के अधिकारियों से इन समस्याओं का त्वरित निराकरण कराया जाता है ।

कलेक्टर श्री शीलेन्द्र सिंह ने आज कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में 157 आवेदकों की समस्यायें सुनी । इस दौरान जिले के शहरी और ग्रामीण, दूरस्थ अंचलों से आये आवेदकों ने उपस्थित होकर अपनी समस्याओं के निराकरण के लिये आवेदन प्रस्तुत किये । जनसुनवाई में मुख्य रूप से जमीन का सीमांकन करने, अतिक्रमण हटाने, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, पीएम किसान सम्माननिधि की राशि दिलाने, छात्रवृत्ति दिलाने, शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने व आर्थिक सहायता दिलाने आदि से संबंधित आवेदन प्राप्त हुये। जनसुनवाई के दौरान आवेदकों के बैठने की व्यवस्था भी की गई थी।
कलेक्टर श्री सिंह ने विभिन्न आवेदनों में तत्काल प्रकरण नोट कराते हुए तत्परता के साथ निराकरण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कई प्रकरणों को समय सीमा की बैठक में समीक्षा के लिए भी चिन्हांकित किया। जनसुनवाई कार्यक्रम में आज ग्राम खैरवानी के श्री शिवप्रसाद यदुवंशी ने पीएम आवास योजना का लाभ दिलाने, न्यूटन चिखली निवासी श्री कमलप्रसाद ने कृषि भूमि का फौती नामांतरण करने, ग्राम माचागोरा निवासी श्री श्याम कुमार वर्मा ने भूमि का सीमांकन करने, ग्राम डुंगरिया के श्री लक्ष्मण वर्मा ने पिता की कृषि भूमि में बंटवारा करने, ग्राम उमरानाला के श्री रविशंकर व ग्राम बेलगांव के श्री शिवकुमार मर्सकोले ने आर्थिक सहायता राशि दिलाने, खिरसाडोह की श्रीमती सुरेखा उईके ने भूमि का पट्टा प्रदान करने, ग्राम बम्होरीकला के ग्रामवासियों ने तालाब निर्माण कार्य कराने एवं सड़क निर्माण कार्य कराने, ग्राम पटपड़ा के श्री हूमदेव सूर्यवंशी ने जन्म प्रमाण पत्र में सरनेम में सुधार कराने, ग्राम खमरा की श्रीमती दर्शना चौरसिया ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की राशि दिलाने, ग्राम अतरिया के श्री सगनसिंह परतेती ने आयुष्मान कार्ड बनाने, छिंदवाड़ा नगर स्थित विवेकानंद कॉलोनी की श्रीमती अलका पटेल ने पति की मृत्यु के बाद शासन से मिलने वाली संबल योजना की राशि दिलाने, चंदनगांव की श्रीमती सीताबाई ठाकरे ने भूमि का सीमांकन करने, वार्ड नंबर 36 की श्रीमती रेखा कहार ने राशन कार्ड बनाने आदि के आवेदन प्रस्तुत किये। इस दौरान कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सीईओ जिला पंचायत श्री अग्रिम कुमार, एडीएम श्री के.सी.बोपचे, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती ज्योति ठाकुर, डिप्टी कलेक्टर श्री आर.के.मेहरा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय और संबंधित अधिकारियों द्वारा भी आवेदनों पर सुनवाई की गई, जबकि अन्य सभी खंड स्तरीय अधिकारी वीसी के माध्यम से जनसुनवाई में शामिल हुये।



