56 दिव्यांग बच्चों को मिले सहायक उपकरण, चेहरों पर लौटी मुस्कान
नरेंद्र साहू छिंदवाड़ा मध्य प्रदेश
छिंदवाड़ा/ सौसर: जनपद शिक्षा केन्द्र सौसर में दिव्यांग बच्चों के शैक्षणिक, सामाजिक एवं शारीरिक सशक्तिकरण के उद्देश्य से दिव्यांग उपकरण वितरण शिविर का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना एवं शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय श्री नानाभाऊ मोहोड़, पूर्व शिक्षा मंत्री (मध्यप्रदेश शासन) रहे। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि दिव्यांग बच्चे समाज की विशेष धरोहर हैं और उनके विकास के लिए सरकार एवं शिक्षा विभाग निरंतर कार्य कर रहा है। ऐसे शिविर बच्चों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य करते हैं।

विशिष्ट अतिथि के रूप में विकासखंड शिक्षा अधिकारी सौसर श्री भास्कर गावंडे एवं श्री शामराव धवले उपस्थित रहे। श्री गावंडे ने कहा कि शिक्षा विभाग का प्रयास है कि प्रत्येक दिव्यांग बच्चे तक शासन की योजनाओं का लाभ समय पर पहुँचे, जिससे वे बिना किसी बाधा के शिक्षा ग्रहण कर सकें।
कार्यक्रम के सफल संचालन एवं आयोजन में विकासखंड स्रोत समन्वयक श्री चैनसा यादव, श्री सूर्यकीर्ति काले, श्री कीर्तिसागर बागड़े (शासकीय कन्या विद्यालय, सौसर), विकासखंड के बीएसी श्रीमती मंजुश्री काम्बले तथा जनशिक्षक श्री विजय मोहोड़ का महत्वपूर्ण योगदान रहा। मंच संचालन का दायित्व श्री विजय मोहोड़ द्वारा कुशलतापूर्वक निभाया गया। कार्यक्रम में जनपद शिक्षा केन्द्र सौसर के समस्त जनशिक्षक एवं शिक्षकगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
दिव्यांग उपकरण वितरण शिविर के आयोजन में एमआरसी श्री देवेंद्र इटुले का विशेष एवं सराहनीय योगदान रहा, जिनके प्रयासों से बच्चों की आवश्यकताओं के अनुरूप उपकरण उपलब्ध कराए जा सके।
56 दिव्यांग बच्चों को वितरित किए गए सहायक उपकरण
शिविर के दौरान कुल 56 दिव्यांग बच्चों को उनकी आवश्यकता के अनुसार विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए गए। वितरित किए गए उपकरणों में—
ट्राई साइकिल – 1
व्हील चेयर – 10
टीएलएम आईडी किट – 37
रौलेटर – 19
कान मशीन – 6
कैलिपर्स – 15
अन्य आवश्यक सहायक उपकरण शामिल रहे।
सभी उपकरण बच्चों को उनके पालकों/अभिभावकों की उपस्थिति में प्रदान किए गए। उपकरण प्राप्त कर बच्चों के चेहरे पर खुशी एवं आत्मविश्वास स्पष्ट रूप से झलक रहा था। इस अवसर पर बच्चों के लिए भोजन व्यवस्था की गई एवं परिवहन राशि भी उपलब्ध कराई गई, जिससे उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।
कार्यक्रम में जनपद शिक्षा केन्द्र सौसर एवं जबलपुर से आई विशेषज्ञ टीम द्वारा बच्चों एवं उनके अभिभावकों को उपकरणों के सही उपयोग, रख-रखाव एवं सावधानियों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई, ताकि उपकरणों का अधिकतम लाभ बच्चों को मिल सके।
यह उपकरण वितरण शिविर दिव्यांग बच्चों के जीवन को सरल, सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं प्रेरणादायक पहल साबित हुआ।



